03/10/2026
#अलीगढ़ || एएमयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष नफीस अहमद भी आये छात्रो के समर्थन में ,सोशल मीडिया पर पोस्ट लिख कर बोले छात्रो का समर्थन नहीं बल्कि मेरी ज़िम्मेदारी है
एएमयू छात्रों के नाम…..
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी से मेरा रिश्ता सिर्फ़ एक इदारे का रिश्ता नहीं है। यह रिश्ता वहाँ के तलबा, उनकी उम्मीदों, उनके जज़्बात और उनकी आवाज़ से जुड़ा हुआ है। छात्रसंघ के अध्यक्ष के तौर पर उनके बीच बिताया हुआ वक़्त मेरी ज़िंदगी की उन यादों में शामिल है, जिन्हें मैं कभी नहीं भूल सकता।
आज जब एएमयू के छात्र अपने छात्रसंघ चुनाव की बहाली की जायज़ और लोकतांत्रिक माँग को लेकर आवाज़ उठा रहे हैं, तो उनके साथ खड़ा होना मेरे लिए सिर्फ़ समर्थन का मामला नहीं, बल्कि एक ज़िम्मेदारी भी है।
स्टूडेंट यासिर फ़हाद पिछले 10 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे हैं। उनकी सेहत को लेकर चिंता स्वाभाविक है। मैं इंतज़ामिया से पुरज़ोर अपील करता हूँ कि इस मामले को संजीदगी से लिया जाए और छात्रों के साथ बातचीत के ज़रिए ऐसा रास्ता निकाला जाए, जिससे उनकी जायज़ माँग का सम्मान भी हो और उनकी सेहत को भी कोई नुकसान न पहुँचे।
छात्रसंघ सिर्फ़ एक चुनाव नहीं होता—यह छात्रों को अपनी बात कहने, अपने नुमाइंदे चुनने और लोकतांत्रिक तरीक़े से अपनी आवाज़ उठाने का एक ज़रिया होता है। जब मुल्क की कई सेंट्रल यूनिवर्सिटीज़ में छात्रसंघ चुनाव लोकतांत्रिक तरीक़े से हो रहे हैं, तो एएमयू के छात्रों की इस माँग पर भी गंभीरता और संवेदनशीलता से विचार होना चाहिए।
मेरे प्यारे एएमयू स्टूडेंट्स—अपने हक़ और अपनी जायज़ माँग के लिए आवाज़ उठाते रहिए, लेकिन हमेशा लोकतांत्रिक, शांतिपूर्ण और संविधानसम्मत रास्ते को अपना रास्ता बनाइए। हौसला मत हारिए। आपकी आवाज़ की अहमियत है और आपकी कोशिश बेकार नहीं जानी चाहिए।
मैं इस लोकतांत्रिक संघर्ष में आपके साथ हूँ